New Parliament Inauguration : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज दिल्ली में नए संसद भवन का उद्घाटन किया है। शनिवार को बॉलीवुड अभिनेता शाहरुखान ने इसके समर्थन में ट्वीट किया था और पीएम मोदी द्वारा उद्घाटन किए जाने को लेकर प्रसन्नता जताई थी। वहीं, आज राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने तंज कसते हुए कहा कि, भाजपाई नेता अब शाहरुख खान की फिल्मों पर प्रतिबंध लगाने की मांग नहीं करेंगे क्योंकि बॉलीवुड अभिनेता ने नए संसद भवन के उद्घाटन पर प्रसन्नता जताई है। बता दें कि शाहरुख खान ने शनिवार को जब वीडियो ट्वीट किया था तब पीएम मोदी ने भी उस पर प्रतिक्रिया दी थी।
नई संसद और बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान।
शाहरुख खान ने क्या लिखा
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, ''हमारे संविधान को बनाए रखने वाले, इस महान राष्ट्र के प्रत्येक नागरिक का प्रतिनिधित्व करने वाले और उसके एक व्यक्ति की विविधता की रक्षा करने वाले लोगों के लिए कितनी शानदार नई इमारत है। भारत के गौरव सालों पुराने सपने को पूरा करते हुए नए भारत के लिए नई संसद। जय हिन्द ! मेरी संसद, मेरा गौरव।’’
राकांपा नेता क्या बोले
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी सहित करीब 20 विपक्षी दलों ने नए संसद भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति (द्रौपदी मुर्मु) के बजाय प्रधानमंत्री द्वारा किये जाने को लेकर कार्यक्रम का बहिष्कार करने का फैसला किया था। उद्घाटन कार्यक्रम पर शाहरुख खान की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए राकांपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रेस्टो ने ट्वीट किया, ‘‘अब चूंकि शाहरूख खान ने नए संसद भवन का समर्थन किया है, तो हम जल्द ही भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के नेताओं को उनके सामने दंडवत करते देखेंगे और अब वे उनकी फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी नहीं करेंगे।’’ गौरतलब है कि, शाहरुख खान की पिछली फिल्म ‘पठान’ को दक्षिणपंथी संगठनों के व्यापक विरोध का सामना करना पड़ा था, जिन्होंने फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी।
