Mumbai News: मुंबई के चेंबूर इलाके में स्थित एक मंदिर से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। यहां श्रद्धालुओं को हिंदू देवी काली माता की मूर्ति मदर मरियम के वेश में मिली। माता की बदले रूप और मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने मंदिर के पुजारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मुंबई में काली माता की मूर्ति को मदर मैरी के वेश में सजाया (Photo-Canva)
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला मुंबई के चेंबूर में स्थित मंदिर का है। यहां काली माता की मूर्ति को मदर मैरी के रूप में तैयार किया गया। माता के दर्शन के लिए मंदिर आए श्रद्धालु माता के इस रूप के देखकर दंग रह गए। श्रद्धालु ने बताया कि काली माता की मूर्ति को ईसा मसीह की माता जैसी पोशाक पहनाई गई थी। यह देख उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और मामले की पूरी जानकारी दी।
पुजारी ने किया चौंका देने वाला दावा
श्रद्धालु ने बताया कि जब इस मामले को लेकर उन्होंने मंदिर के पुजारी रमेश से बात की तो उन्होंने दावा किया की हिंदू देवी माता काली उनके सपने में आई थी और उन्होंने मां मैरी के रूप में उनका श्रृंगार करने के लिए कहा था। यही कारण है कि सुबह उठकर माता काली की मूर्ति को मदर मैरी की पोशाक में तैयार किया गया।
पुलिस ने पुजारी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु की शिकायत के आधार पर हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में पुजारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और पुराजी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारी ने बताया कि उसके बाद गिरफ्तार पुजारी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए इसके पीछे की वजह जानने के लिए कोशिश में जुटी है। पुलिस जानने का प्रयास कर रही है कि क्या इसके पीछे कोई संगठित मकसद था और क्या इसमें और लोग भी शामिल हैं।
