Mumbai Heavy Rain: मुंबई में वीकेंड की शुरुआत ही मूसलाधार बारिश के साथ हुई है। शनिवार सुबह से मुंबई में हो रही जोरदार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है। सड़कें जलमग्न हो गई हैं और रेलवे ट्रैक पर भी पानी भरा हुआ है। मौसम विभाग ने बारिश की स्थिति को देखते हुए शहर में रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो मुंबई में पूरे वीकेंड (शनिवार और रविवार) भारी बारिश होगी। मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों के आवश्यकता न होने पर घर से बाहर न निकलने की अपील की गई और सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट (फोटो - AI)
भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव
सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई के गांधी मार्केट, किंग्स सर्कल, अंधेरी सबवे, कुर्ला और चेंबूर, मिलान सबवे क्षेत्र और एससीएलआर ब्रिज पर जलभराव हो गया है। सायन रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर भी पानी भरा हुआ है। इसके अलावा मुंबई पुलिस ने बताया कि हंस मोगरा जंक्शन दक्षिण की ओर जाने वाली स्लिप रोड पर जलभराव हो गया है। मानखुर्द दी जंक्शन से महाराष्ट्र नगर जाने वाले टनल में भी पानी भरा होने के कारण ट्रैफिक को रोक दिया गया है।
19 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई में भारी बारिश का दौर 19 अगस्त तक जारी रहेगा। आईएमडी ने इस बीच मछुआरों को 19 अगस्त तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है। साथ ही नागरिकों को भी आवश्यकता न होने पर घर से बाहर न निकलने की सलाह देते हुए सतर्क रहने के लिए कहा है। इसके साथ ही लोगों को समुद्र तटों पर जाने से मना किया गया है। मौसमी गतिविधियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी हाई अलर्ट पर है और आपात स्थिति में नागरिक 100/112/103 डायल कर सकते हैं।
