Ganesh Chaturthi Traffic Advisory: गणेश चतुर्थी का भव्य उत्सव गणपति विसर्जन के साथ संपन्न होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्रबंधन की योजना बनाई है। शनिवार को जारी की गई ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, कई मार्गों पर हल्के वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी, जबकि दक्षिण मुंबई में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि, आवश्यक सेवाओं को बाधित न करते हुए कुछ वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
इनमें सब्जियां, दूध, ब्रेड, बेकरी उत्पाद, पानी के टैंकर, पेट्रोल-डीजल-केरोसिन टैंकर, स्कूल बसें, एम्बुलेंस और सरकारी व अर्ध-सरकारी वाहन शामिल हैं। यातायात से संबंधित किसी भी अपडेट या मार्ग परिवर्तन की जानकारी के लिए नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे मुंबई ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और एक्स हैंडल को फॉलो करें। इस अवसर पर 1800 से अधिक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे, जिनमें जॉइंट सीपी, डीसीपी और एसीपी जैसे वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
इन रास्तों पर लगा प्रतिबंध
मुंबई के पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों में गणेश विसर्जन को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। चेंबूर, चूनाभट्टी, ट्रॉम्बे, मानखुर्द, मुलुंड, साकीनाका, एमआईडीसी, कांदिवली, गोरेगांव, सांताक्रुज, डीएन नगर और सहार ट्रैफिक डिविजनों में अलग-अलग मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है। हेमू कलानी मार्ग, गिडवानी मार्ग, घाटला गांव रोड, डॉ. सीजी मार्ग, सायन-पनवेल हाईवे, एलबीएस रोड, जेवीएलआर रोड, और मढ़-मार्वे रोड सहित कई सड़कों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
कई जगहों पर नो-पार्किंग जोन
कुछ इलाकों में मार्ग परिवर्तित किए गए हैं तो कई जगहों को नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है। वहीं देवड़े रोड, जुहू तारा रोड और ओशिवारा नाला के पास की सड़कें पूरी तरह से बंद रहेंगी।इसके अतिरिक्त, खतरनाक रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। किसी भी आरओबी पर 100 से अधिक लोगों को एक साथ पार करने की अनुमति नहीं होगी, साथ ही शोभायात्रा या जुलूस का वहां रुकना भी सख्त मना है। आरओबी पर नृत्य करने और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर भी पाबंदी रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से इन दिशा-निर्देशों का पालन करने और ट्रैफिक से जुड़ी अद्यतन जानकारी के लिए आधिकारिक चैनलों को फॉलो करने की अपील की है।
ट्रैफिक नियमों का करें पालन
मुंबई ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त अनिल कुंभारे ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस किसी भी यातायात या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। चूंकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न गणपति पंडालों का दर्शन करने आते हैं, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर अस्थायी प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। स एडवाइजरी में मुंबई में यातायात को सुचारू रखने के लिए कई अहम उपाय किए गए हैं, जिनमें भारी वाहनों पर प्रतिबंध, कुछ मार्गों पर नो एंट्री और नो पार्किंग की व्यवस्था, वैकल्पिक रास्तों की योजना और अतिरिक्त ट्रैफिक बल की तैनाती शामिल है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सहयोग बनाए रखें।
