Mumbai Crime News: ठाणे के मुंब्रा में एक अपार्टमेंट में अकेली रहने वाली 75 वर्षीय एक महिला से कथित तौर पर उसकी 40 वर्षीय पोती ने 88,000 रुपये की कीमत के गहने चोरी किए हैं। पुलिस ने बताया है कि रिदा अंसारी के रूप में पहचानी गई आरोपी ने अपनी दादी की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया, जब वह रात के खाने के बाद गलियारे में टहल रही थी। डकैती के समय आरोपी रिदा ने बुर्का पहन रखा था, लेकिन रास्ते में लगे सीसीटीवी में यह घटना कैद हो गई, जिसकी मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना पिछले महीने 30 नवंबर को हुई थी, चूंकि घटना के बाद पीड़ित बुजुर्ग नागरिक अस्पताल में भर्ती थी, इसलिए उसने पांच दिन बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया। पीड़िता सुगराबी मोमिन पिछले 10 सालों से हेवन हाइट्स की छठी मंजिल पर अकेली रह रही है। मोमिन के लंच और डिनर के बाद बिल्डिंग के रास्ते में टहलने के रूटीन से हर कोई वाकिफ है।
