Shera Batla Arrest: मुंबई क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय ड्रग सिंडिकेट के मास्टरमाइंड शेरा बाटला को दुबई से गिरफ्तार कर भारत लाया है। आरोपी को मुंबई की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। शेरा बाटला, मुंबई के डोंगरी इलाके का रहने वाला है और उस पर पहले से ही 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह दुबई में बैठकर भारत में ड्रग्स नेटवर्क संचालित कर रहा था।
कुछ समय पहले ही ड्रग डीलर सलीम डोला पर भी कार्रवाई की गई थी। दोनों एक ही इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट का हिस्सा बताए जा रहे हैं, जिसमें कुल चार प्रमुख सदस्य शामिल थे। इनमें शेरा बाटला चौथा और सबसे बड़ा नाम है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शेरा बाटला का संबंध कई राज्यों में फैली ड्रग फैक्ट्रियों से है जिनमें मैसूर, तेलंगाना और अकोला की फैक्ट्रियां प्रमुख हैं।
2022 में घाटकोपर में सामने आए ड्रग केस में भी शेरा बाटला मुख्य आरोपी था। उस मामले में 995 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ था। जांच में खुलासा हुआ कि ड्रग्स निर्माण के लिए आवश्यक केमिकल्स और पैसों के लेन-देन में शेरा की अहम भूमिका थी। 2021 में वह भारत से फरार होकर दुबई चला गया था, जहां से वह नेटवर्क चला रहा था। अब मुंबई क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में उसे भारत लाकर गिरफ्तार कर लिया गया है, और पुलिस उससे पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
