Mumbai Monorail Update: मुंबई में सोमवार सुबह से हो रही तेज बारिश के बीच वडाला इलाके में मोनोरेल सेवा में एक बड़ी दिक्कत सामने आई। सुबह करीब 7 बजे वडाला की ओर जा रही एक मोनोरेल अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में रुक गई। इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मोनोरेल कॉर्पोरेशन ने बताया कि यह समस्या सप्लाई में गड़बड़ी के कारण हुई थी और फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया।
वडाला इलाके में खड़ी मोनोरेल (ANI)
17 यात्रियों को निकाला गया
जानकारी के मुताबिक, इसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। फंसे हुए यात्रियों को चेंबूर से आ रही दूसरी मोनोरेल में बैठाया गया। मोनोरेल कॉर्पोरेशन ने बताया कि यह समस्या आपूर्ति में गड़बड़ी के कारण हुई थी, जिसकी जांच की जा रही है। मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (MMRDA) के पीआरओ ने बताया, कि वडाला मोनोरेल में तकनीकी खराबी के कारण 17 यात्रियों को सुबह 7:45 बजे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
शुरू हुई मोनोरेल
मोनोरेल सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित हुई थीं, जिसे अब फिर से ठीक कर लिया गया है। MMRDA ने बताया है कि मोनोरेल की दोनों लाइनों पर सेवाएं अब पूरी तरह से सामान्य हो गई हैं। मोनोरेल के अचानक खराब हो जाने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए वार्ड 175 के पार्षद और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के नेता राजेश आनंदा भोजने ने कहा कि, “यह समस्या बार-बार हो रही है। सरकार को तुरंत इसका स्थायी समाधान करना चाहिए।”
मुंबई में जारी हुआ रेड अलर्ट
बता दें कि, इस समय महाराष्ट्र और खास तौर पर मुंबई में मौसम बिगड़ा हुआ है। रविवार देर रात से ही झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए अगले तीन घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) मुंबई के अनुसार, इन क्षेत्रों में तेज से बहुत तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है
