Mumbai Rain: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत राज्य के कई जिलों में भारी बारिश दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। मौसमी गतिविधियों को देखते हुए आईएमडी ने मुंबई में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। मुंबई में हो रही लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया है। सड़कों पर पानी भरा होने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बता दें कि पहले मौसम विभाग ने मुंबई में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, लेकिन मौसमी गतिविधियों को देखते हुए आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट को बदलकर रेड अलर्ट कर दिया है।
मुंबई में आज का मौसम
मुंबई में रविवार से भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पहले ही 14 और 15 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह 8:00 बजे से शहर और उपनगरों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है। इसके साथ ही शहर में बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
हाई टाइड और लो टाइड का समय
भारी बारिश के बीच मुंबई में आज (15 सितंबर) उच्च ज्वार (High Tide): 17:17 बजे - 3.04 मीटर
16 सितंबर 2025 - सुबह 7:48 बजे - 3.50 मीटर
आज (15 सितंबर) को निम्न ज्वार (Low Tide) - 12:18 बजे - 2.38 मीटर
16 सितंबर 2025 - 00:16 बजे – 1.47 मीटर
जानकारी के लिए बता दें कि उच्च ज्वार वह स्थिति है, जब ज्वारीय चक्र के दौरान समुद्र का जल स्तर अपने उच्चतम बिंदु पर पहुंच जाता है। यह चंद्रमा और सूर्य के गुरुत्वाकर्षण खिंचाव के कारण होता है।
मुंबई समेत ठाणे-रायगढ़ में रेड अलर्ट जारी
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत मौसम विभाग ने ठाणे और रायगढ़ में 3 घंटे का रेड अलर्ट जारी किया है। तेज बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
