Maharashtra Accident News: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां तेज रफ्तार से जा रही एक कार पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार तड़के करीब साढ़े चार बजे चिचगढ़-देवरी मार्ग पर परास्तोला गांव के पास हुई।
फाइल फोटो
पीछे बैठा शख्स सीटों के बीच फंसा
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चिचगढ़ से देवरी की ओर जा रही कार के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। देवरी पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में राजा भारती (35) और सोहेल शेख (32) की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पिछली सीट पर बैठा एक अन्य व्यक्ति सीटों के बीच फंस गया और उसे गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में शख्स की हालत गंभीर
इस हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद घायल व्यक्ति को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस संबंध में देवरी पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है।
(इनपुट - भाषा)
