देश को अपनी पहली बुलेट ट्रेन का अब भी इंतजार है। देश की पहली बुलेट ट्रेन गुजरात में अहमदाबाद से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के बीच चलाई जाएगी। इसके लिए ट्रैक बनाने का काम किया जा रहा है। देश में पहली बुलेट ट्रेन साल 2028 में चलने लगेगी, लेकिन मुंबई पहुंचने में इसे 2 साल का समय लगेगा। जी हां अहमदाबाद से मुंबई तक पूरे रूट पर बुलेट ट्रेन 2030 में ही चल पाएगी।
गुजरात में 2028 में चलने लगेगी बुलेट ट्रेन!
जी हां, अहमदाबाद से मुंबई तक के पूरे 508 किमी सेक्शन पर बुलेट ट्रेन 2030 में ही चल पाएगी। इससे पहले गुजरात में साबरमती और वापी के बीच बुलेट ट्रेन 2028 में ही चलने लगेगी। CNN-News18 की एक रिपोर्ट के अनुसार उनके हाथ नेशनल हाई स्पीड रेल अथॉरिटी (NHSRCL) का एक डॉक्यूमेंट लगा है, जिसमें बुलेट ट्रेन का किराया और ट्रैफिक के बारे में समझने के लिए एक राइडरशिप सर्वे के बारे में जानकारी है।
इस डॉक्यूमेंट के अनुसार राइडरशिप असेसमेंट 2028 में गुजरात के साबरमती-वापी सेक्शन और 2030 में अहमदाबाद-मुंबई सेक्शन के लिए का जा रहा है। बुलेट ट्रेन के लिए 30 साल का राइडरशिप असेसमेंट किया जा रहा है। बता दें कि अहमदाबाद और मुंबई के बीच बन रहे बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर भविष्य में बुलेट ट्रेन गुजरात में साबरमती, अहमदाबाद, आणद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलिमोरा, वापी और महाराष्ट्र में बोइजर, विरार, ठाणे, बांद्रा-कुर्ला कॉम्पलेक्स (BKC) से होकर गुजरेगी।
गुजरात में इस हाई-स्पीड ट्रेन का रूट वापी और साबरमती के बीच 348 किमी लंबा है, जबकि महाराष्ट्र में बुलेट ट्रेन 156 किमी चलेगी। इससे पहले भी रिपोर्ट्स आ चुकी हैं कि बुलेट ट्रेन पहले गुजरात के सेक्शन पर चलेंगी, क्योंकि यहां पर काम की प्रोग्रेस अच्छी है। जबकि महाराष्ट्र में काम की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई थी। हालांकि, केंद्र सरकार ने फिलहाल बुलेट ट्रेन की शुरुआत की कोई आधिकारिक डेट घोषित नहीं की है।
बुलेट ट्रेन चल जाने से भारत दुनिया के कुछ चुनिंदा देशों (लगभग-15) में शामिल हो जाएगा, जहां हाई-स्पीड रेल सिस्टम मौजूद है।
