Gondia News: महाराष्ट्र के गोदिंया में तेज रफ्तार का कहर दिखा है। गोंदिया में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक बुजुर्ग महिला को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे हुई।
सांकेतिक फोटो।
ट्रैक्टर हुआ बेकाबू
पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर चालक नशे में धुत्त होकर वाहन चला रहा था। हालांकि, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला आमगांव तहसील के किदंगीपार गांव में की रहने वाली है। घटना के समय वह अपने घर के सामने कपड़े धो रही थी। तभी धान से लदे ट्रैक्टर के चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन ने महिला को कुचल दिया।
हादसे में बाल-बाल बची बच्चियां
अधिकारी ने बताया कि पीड़िता को गंभीर चोट आई और इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे के समय पास में ही उसकी दो पोतियां खेल रही थीं। हालांकि, वे बाल-बाल बच गईं। अधिकारी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग वहां जमा हो गए और ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
