मुंबई गणेशोत्सव 2025 : कैसी रहेगी मूर्ति विसर्जन की व्यवस्था? इतने हजार CCTV-पुलिसकर्मी रखेंगे नजर; BMC ये सड़कें रखेगी बंद

Mumbai Ganeshotsav 2025: गणेश विसर्जन से संबंधित सड़कों पर 3000 से अधिक यातायात पुलिस कर्मी और 285 महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवान तैनात किए जाएंगे। यातायात के सुचारू प्रवाह के लिए कुछ सड़कों पर मार्ग परिवर्तन किया जाएगा, जबकि कुछ सड़कें बंद रहेंगी। शहर में गणेश विसर्जन यात्रा में असुविधा से बचने के लिए शनिवार सुबह सात बजे से रविवार मध्यरात्रि तक सभी भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

Mumbai Ganeshotsav 2025: गणेशोत्सव के अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी पर मूर्तियों के विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुंबई में 21,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। अधिकारी ने बताया कि पहली बार पुलिस यातायात प्रबंधन और ट्रैफिक संबंधी अन्य अद्यतन जानकारी के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का इस्तेमाल करेगी। गिरगांव चौपाटी पर एआई आधारित नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जबकि प्रमुख गणपति मंडलों को क्यूआर कोड जारी किए गए हैं और विसर्जन यात्रा में भाग लेने वाले वाहनों के लिए स्टिकर भी जारी किए गए हैं। इससे पुलिस को वाहनों का पता लगाने, भीड़ पर नजर रखने आदि में मदद मिलेगी, ताकि वास्तविक समय में यातायात परिवर्तित किया जा सके।

Mumbai Ganesh Immersion 2025

मुंबई में गणेश मूर्ति विसर्जन की तैयारियां (फोटो-BMC)

अधिकारी ने बताया कि भीड़ और विसर्जन यात्रा पर नजर रखने के लिए जिन ड्रोनों का इस्तेमाल किया जाएगा, उनमें सार्वजनिक संबोधन प्रणाली के साथ-साथ सुरक्षा उद्देश्यों के लिए लाइट भी लगी होंगी। यह ड्रोन और शहर भर में लगे 10,000 सीसीटीवी कैमरे भीड़ पर नजर रखेंगे, जबकि निजी ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 12 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 40 उप पुलिस आयुक्त, 61 सहायक पुलिस आयुक्त, 3,000 अधिकारी और 18,000 पुलिसकर्मी इस बल का हिस्सा होंगे। इसके अलावा राज्य आरक्षित पुलिस बल की 14 कंपनियां, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की चार कंपनियां, त्वरित प्रतिक्रिया दल और बम खोजी एवं निस्तारण दस्ता भी तैनात रहेगा। शहर में करीब 6,500 सार्वजनिक गणेश मूर्तियां और 1.75 लाख घरेलू मूर्तियां समुद्र तटों, अन्य जल निकायों और 205 कृत्रिम तालाबों में विसर्जित की जाएंगी। विसर्जन स्थलों पर जीवनरक्षक (तैराक) भी मौजूद रहेंगे।

End of Feed