Corona Virus: महाराष्ट्र में कोरोना ने लगाई छलांग, आए 98 नए मामले; पॉजिटिव मरीजों की संख्या हजार पार

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। गुरुवार को आए 98 नए मामलों में से 48 मामले पुणे से, 34 मुंबई से और छह ठाणे से हैं। राज्य में जनवरी से अबतक 17 संक्रमित मरीजों के मौत होने की पुष्टि हुई है।

Corona Virus in Maharashtra

(सांकेतिक फोटो)

मुंबई : कोरोना वायरस फिर से डरावनी तस्वीर पेश कर रहा है। देशभर के विभिन्न राज्यों में संक्रमण का प्रसार देखा जा रहा है। केवल महाराष्ट्र में गुरुवार को कोविड-19 के 98 नए मामले सामने आए, जिससे राज्य में इस साल एक जनवरी से अब तक सामने आए कुल मामलों की संख्या 1,162 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि सामने आए 98 मामलों में से 48 मामले पुणे जिले से, 34 मुंबई से और छह ठाणे से हैं। एक जनवरी से अब तक कुल 14,565 नमूनों की जांच की गयी है, जिनमें से 1,162 सक्रिय पाए गए। इस अवधि में कुल 597 लोग ठीक हुए हैं, जबकि 17 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 16 अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे।

हालांकि, बुधवार से राज्य में इस बीमारी से किसी की मौत की सूचना नहीं है। एक जनवरी से मुंबई में सामने आए कुल मामलों की संख्या 575 है, जिनमें से 569 मई में दर्ज किए गए। एक अधिकारी ने बताया कि इस अवधि में पड़ोसी ठाणे नगर निगम में कुल मामलों की संख्या 131 है, जिनमें से 101 मरीजों को छुट्टी दे दी गई है, 10 अस्पताल में भर्ती हैं, 19 घर पर पृथकवास में हैं और एक की मौत हो गई है।

End of Feed