मुंबई

Mumbai: गोवंडी में सनसनी; पैसों के लिए नारियल बेचने वाले युवक का गला रेता, पुलिस के हत्थे चढ़ा नशेड़ी आरोपी

मुंबई के गोवंडी इलाके में नारियल विक्रेता मीर कासिम की बेरहमी से हत्या ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। नशे की लत में डूबे आरोपी ने पैसों की लालच में कासिम पर चाकू से हमला कर उनकी जान ले ली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गवाहों की मदद से आरोपी सैफू चिकना को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

Image

मुंबई में नारियल बेचने वाले युवक का बेरहमी से कत्ल किया गया

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Mumbai Govandi Murder: मुंबई के गोवंडी क्षेत्र में एक दर्दनाक वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। यहां 25 वर्षीय नारियल विक्रेता मीर कासिम एनुल नदाब की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए पैसे छीनने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने चाकू से मीर कासिम के सीने पर वार करने के बाद उसका गला रेत दिया। शिवाजी नगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी साजिद कुरैशी उर्फ महफूज उर्फ सैफू चिकना (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या), 135 (चोरी) और 37(1)(ए) (साझा आपराधिक इरादा) के तहत मामला दर्ज किया है।

नारियल उतारने के लिए पहुंचा गोदाम

मीर कासिम झारखंड के रहने वाले था और मुंबई के गोवंडी स्थित शिवाजी नगर इलाके में अपने बड़े भाई अल्ताफ नदाब और चचेरे भाइयों के साथ रहता था। उसका परिवार नारियल पानी के कारोबार से जुड़ा था। उन्होंने गोवंडी की रोड नंबर 6 पर स्थित बीएमसी स्कूल के पास एक छोटा सा गोदाम किराए पर ले रखा था, जहां रोजाना ट्रक से आने वाले नारियल रखे जाते थे। मीर कासिम व्यवसायिक लेन-देन की जिम्मेदारी संभालते था, इसी कारण वे आमतौर पर 50,000 से 80,000 रुपये तक नकद अपने पास रखता था। रोज सुबह करीब तीन बजे वे ट्रक से नारियल उतारने के लिए गोदाम पहुंचता था।

चाकू से हुआ सीने और गले पर बुरी तरह हमला

शनिवार तड़के करीब 4:30 बजे मीर कासिम रोज की तरह नारियल लेने के लिए घर से निकला। लेकिन एक घंटे बीत जाने के बाद भी जब उसने फोन नहीं उठाया, तो उसके भाई अल्ताफ और चचेरे भाई उसे तलाशने निकल पड़े। खोजबीन के दौरान बीएमसी स्कूल के गेट के पास कासिम लहूलुहान अवस्था में बेहोश पड़े मिले। परिजन उसे तुरंत नूर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल रेफर किया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने कासिम को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि उसके सीने पर चाकू से हमला किया गया था और गला बुरी तरह रेता गया था।

मामले की जांच जारी

पुलिस ने वारदात के तुरंत बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें स्पष्ट दिखाई दिया कि आरोपी सैफू चिकना मीर कासिम का पीछा कर रहा था। जब कासिम शौच के लिए दो खड़ी गाड़ियों के बीच रुका, तो सैफू ने मौका पाकर चाकू से उस पर हमला कर दिया। वार करने के बाद वह बैंगनवाड़ी रिक्शा स्टैंड की दिशा में भाग गया। थोड़ी देर बाद कैमरे में कासिम घायल अवस्था में लड़खड़ाते हुए अपने गोदाम की ओर बढ़ता दिखा और फिर बीएमसी स्कूल के गेट के पास गिर पड़ा। फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस ने सैफू चिकना की पहचान की और कुछ ही घंटों में उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि नशे की लत पूरी करने और पैसे हड़पने के इरादे से उसने यह हत्या की थी। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article