Himachal Pradesh Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के लुहारघाट क्षेत्र में सोमवार को एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई। रामशहर थाना अंतर्गत यह हादसा उस समय हुआ जब बस वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रही थी। जानकारी के मुताबिक, बस में कुल 40 लोग सवार थे, जिनमें से लगभग 11 गंभीर रूप से घायल हुए।
सोलन जिले में बस पलटने से कई घायल
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर एम्स भेजा गया, इसके लिए ग्रीन कॉरिडोर भी बनाया गया। घटना स्थल पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार, बस रामशहर के जोबी गांव से वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी कि चालक का नियंत्रण अचानक छूट गया और बस सड़क से नीचे खाई में पलट गई। दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई।
क्या था इस दुर्घटना का मुख्य कारण?
डीएसपी नालागढ़ भीष्म ठाकुर ने बताया कि घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज एम्स बिलासपुर में चल रहा है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और बस को खाई से बाहर निकालने का काम जारी है। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्स बिलासपुर भेजा गया। हादसे में बस को भी काफी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क की ढलान और मोड़ पर चालक का नियंत्रण खोना इस दुर्घटना का मुख्य कारण था।
चालक कर रहा था फोन पर बात
जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, छोटा राम ठाकुर, जो चालक के पीछे की सीट पर बैठे थे, ने बताया कि चालक फोन पर बात कर रहा था और इसी दौरान वाहन का नियंत्रण खो गया, जिससे बस पलटकर खाई में जा गिरी। पिंकी देवी (52), मायावती (48), रमीला (50), जमुना देवी (60), रामप्यारी (59), सोमा देवी (50), मीरा देवी, कौशल्या देवी (55), कौशल्या देवी (56), निक्की देवी (75) और सपना देवी (38) घायलों में शामिल हैं।
