MP Accident News: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार एसयूवी (SUV) की ट्रक से पीछे से टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
फाइल फोटो
ट्रक के पीछे से टकराई SUV
पुलिस के अनुसार यह हादसा देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास NH-30 पर मंगलवार तड़के करीब 1 बजे हुआ। हादसे के समय परिवार के सदस्य एक जन्मदिन पार्टी में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एसयूवी तेज रफ्तार में चल रही थी, तभी आगे चल रहे ट्रक में यह पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे कार सवार सभी छह लोग वाहन के अंदर ही फंस गए।
पांच की मौके पर मौत, एक की हालत गंभीर
देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को गाड़ी से बाहर निकाला गया। जिसके बाद उसे पहले अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत बिगड़ने पर सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
स्थानीय कांग्रेस नेता मनीष पटेल के रिश्तेदार थे मृतक
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अंकुर पटेल (40), मृदुल पटेल (32), विजय पटेल (30), हरिशंकर पटेल (25) और शिवा पटेल (23) के रूप में की गई है। सूत्रों के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग स्थानीय कांग्रेस नेता मनीष पटेल के रिश्तेदार थे। घटना के बाद परिवार और इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
