MP में आज का मौसम (15 Jan 2026): मध्य प्रदेश में इस बार नवंबर से ही कड़ाके की ठंड का सितम जारी है। दिसंबर में भी प्रदेशवासियों ने रिकॉर्डतोड़ ठंड का सामना किया। जिसके बाद अब जनवरी में भीषण ठंड का दौर जारी है। हालांकि दिन में कुछ जगहों पर गुनगुनी धूप निकल रही है। लेकिन अधिकांश हिस्सों में शीतलहर जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। बुधवार को राज्य में सबसे ठंडा शहर शहडोल जिले का कल्याणपुर रहा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जिलों में आज सुबह मध्यम से घना कोहरा भी छाया रहा। जिसके कारण विजिबिलिटी काफी कम रही।
सांकेतिक फोटो (PTI)
MP में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार एमपी में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। आज प्रदेश में कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है। गुरुवार को मौसम साफ रहने के आसार हैं। सुबह और रात के समय ठंड का एहसास ज्यादा होगा। इस दौरान 10 से 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलने का भी अनुमान है। IMD के अनुसार हिमालयी क्षेत्र में 16 जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसके प्रभाव से मध्य प्रदेश में 3 से 4 दिन बाद बारिश होने की संभावना है।
एमपी के इन जिलों में सबसे कम न्यूनतम तापमान
| जिला | न्यूनतम तापमान |
| कल्याणपुर | 4.8 डिग्री |
| करौंदी | 4.9 डिग्री |
| रीवा | 5.8 डिग्री |
| मंदसौर | 6.1 डिग्री |
| चित्रकूट | 6.2 डिग्री |
| खजुराहो | 6.2 डिग्री |
इन जिलों में छाया रहा कोहरा
एमपी में गुरुवार सुबह ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, छतरपुर, पन्ना, सतना, निवाड़ी और टीकमगढ़ में मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिला। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सतना, गुना, राजगढ़, रायसेन, सीहोर, शाजापुर, रतलाम समेत कई जिलों में हल्का कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से दिल्ली से एमपी जाने वाली कई ट्रेनें अपने तय समय से लेट चल रही हैं। कोहरे के कारण सबसे ज्यादा मालवा, सचखंड और झेलम एक्सप्रेस प्रभावित हो रही है।
