Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी में आयोजित कार्यक्रम में ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ की 36वीं किश्त जारी करते हुए प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 1,835 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सिंगल क्लिक के जरिए ट्रांसफर की। इस दौरान उन्होंने 296 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 40 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बच्चियों पर पुष्पवर्षा की, लाठी कला दिखाने वाले बच्चे को गोद में लेकर सम्मानित किया और गौ-पूजन के बाद विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। साथ ही नरसिंहपुर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों पर आधारित कैलेंडर का विमोचन कर मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और प्रशस्ति पत्र वितरित किए।
सीएम डॉ. मोहन ने लाड़ली बहनों के खातों में ट्रांसफर किए 1835 करोड़ रुपये से ज्यादा
महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का अभियान है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ने हमेशा महिलाओं के सम्मान की अनदेखी की, जबकि भाजपा सरकार माताओं-बहनों को समाज और राजनीति में बराबरी का स्थान देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अब तक लाड़ली बहनों के खातों में लगभग 46 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर कर चुकी है, जबकि पिछली सरकार को मिलाकर यह राशि 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है।
डेयरी योजना पर 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि 34 लाख महिला किसानों को उन्नत कृषि और पशुपालन से जोड़ा गया है तथा 25 गायों की डेयरी योजना पर 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं सिलाई-कढ़ाई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कंप्यूटर और एआई जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही हैं। सरकार पुलिस विभाग में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ-साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही है।
किसे मिलेगा 25 हजार रुपये का पुरस्कार?
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नशा मुक्ति अभियान, जल संरक्षण और सड़क सुरक्षा को लेकर भी सरकार की योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को राज्य सरकार 25 हजार रुपये का पुरस्कार देगी और घायल का डेढ़ लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रदेश में जल संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
नरसिंहपुर जिले के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नरसिंहपुर जिले के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि नर्मदा सहित सात नदियों पर नए पुल बनाए जाएंगे। इसके अलावा क्षेत्र में आरओबी, 100 बेड अस्पताल और पेयजल योजनाओं के जरिए बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने गोटेगांव क्षेत्र में तालाब निर्माण के लिए 21 एकड़ भूमि दान करने वाले परिवार को सार्वजनिक कार्यक्रम में सम्मानित करने की घोषणा भी की।
