Gwalior Chambal Defence Hub: मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग के विकास और देश की सुरक्षा के लिहाज से रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री मोहन यादव (CM Mohan Yadav) और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने शिवपुरी में अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के 2,500 करोड़ रुपये की लागत वाले मिसाइल और प्रोपेलेंट निर्माण संयंत्र का भूमिपूजन किया। इस खास मौके पर अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के निदेशक जीत अडानी भी मौजूद रहे। भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास और देशभक्ति को नमन किया।
शिवपुरी में गरजे मुख्यमंत्री मोहन यादव
उन्होंने कहा कि जब भी चंबल आगे बढ़ता है, तो वह देशभक्ति का एक नया तराना गाता है। सिंधिया राजवंश की परंपराओं की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि इस धरती ने हमेशा सनातन धर्म और देश के गौरव को ऊंचा रखा है। सीएम ने आगे कहा कि आज बदलते समय में यहां रक्षा क्षेत्र का इतना बड़ा प्रोजेक्ट आ रहा है, जिससे इलाके के करीब 4,000 से 5,000 युवाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सेना के शौर्य का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सेना दुश्मनों को जो मुंहतोड़ जवाब देती है और जो एयरस्ट्राइक होती है, उसकी ताकत इसी चंबल-ग्वालियर बेल्ट (Missile Manufacturing Plant MP) से आती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर राजीव शुक्ला की मांग, बोले-'जनता का भरोसा डगमगाया, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो जांच'
सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना ने दुनिया को दिखा दिया है कि घर में घुसकर मारना किसे कहते हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि पहले सरकारी स्कूलों की हालत खराब थी, लेकिन अब लोग सरकारी स्कूलों में एडमिशन के लिए कतारों में खड़े रहते हैं।
इस मौके पर सीएम मोहन यादव ने शिवपुरी के विकास के लिए कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने शहर के भीतर कनेक्टिविटी को सुधारने के लिए 120 करोड़ रुपये की लागत से 14 किलोमीटर लंबी नई सड़क बनाने की घोषणा की।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया क्या बोले?
इसके अलावा, श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज में एक नई कार्डियोलॉजी (हृदय रोग) यूनिट और शिवपुरी ब्लॉक के लिए एक नई तहसील बनाने का भी ऐलान किया। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी पीएम मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत' और 'विकसित भारत 2047' के विजन को रेखांकित करते हुए कहा कि आज शिवपुरी से देश की सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण की एक नई सुबह की शुरुआत हो रही है। ग्वालियर में छोटे हथियारों के कारखाने के बाद अब शिवपुरी का यह मिसाइल प्लांट पूरे क्षेत्र को देश के एक मजबूत रक्षा इकोसिस्टम के रूप में स्थापित कर देगा।
