MP Accident: मैहर में रफ्तार का कहर, ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी मोटरसाइकिल, तीन की मौत
- Edited by: varsha kushwaha
- Updated Dec 25, 2025, 02:10 PM IST
MP Accident: एमपी के मैहर जिले में गुजरा टोल प्लाजा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से मोटरसाइकिल की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जानने का प्रयास कर रही है की मोटरसाइकिल सवार नशे में तो नहीं थे और साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को हाईवे पर बिना चेतावनी वाले लाल रिफ्लेक्टर के क्यों खड़ा किया गया था।
मैहर में ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी मोटरसाइकिल
MP Accident: मध्य प्रदेश के मैहर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के गुजरा टोल प्लाजा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई है। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई है। इस घटना से मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मृतकों के शव को जब्त किया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा।
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे का शिकार हुए तीन लोग, घटना के दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर सवार थे और वह जिले के मुकुंदपुर पुलिस चौकी के तहत इंडियन गैस एजेंसी के पास सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से बुरी तरह टकरा गए। मोटरसाइकिल की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद सभी बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घर लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान अंकित सोधिया, दीपक कोल और नागेंद्र कोल के रूप में हुई है। ये तीनों जमनागांव के निवासी थे। वे रीवा में मजदूरी करने के बाद घर वापस लौट रहे थे, तभी गुजरा पेट्रोल पंप के पास बेला-गोविंदगढ़ रोड पर यह दुर्घटना घटित हुई।
तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और संभावित लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया गया है। अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या बाइक सवार नशे में थे। हादसे की सूचना मिलते ही ताला पुलिस स्टेशन के अधिकारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। शवों को कब्जे में लेकर जरूरी औपचारिकताएं पूरी की गईं और पोस्टमार्टम के लिए अमरपाटन अस्पताल भेजा गया।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस की टीम
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को हाईवे पर बिना पर्याप्त चेतावनी वाले लाल रिफ्लेक्टर के क्यों खड़ा किया गया था। स्थानीय लोगों ने भी रात में सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर बढ़ती निराशा व्यक्त की है, जिससे खराब विजिबिलिटी के कारण अक्सर ऐसे जानलेवा हादसे होते हैं।
गांव वालों ने जिला प्रशासन से सख्त कदम उठाने का आग्रह किया है, जिसमें खासकर व्यस्त सड़कों पर खड़े वाहनों के लिए अनिवार्य रिफ्लेक्टिव साइन, लाइट या बैरियर शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई करने का भी आग्रह किया है, क्योंकि सर्दियों में घना कोहरा वाहन चालकों के लिए परेशानी बढ़ाता है।
(इनपुट - आईएएनएस)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।