उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र से कथित दुष्कर्म, बंधक बनाकर रखने और बंदूक के दम पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। लाइन पार क्षेत्र की रहने वाली एक पीड़ित युवती की शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मझोला थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी सुल्तान उर्फ सलाउद्दीन और उसकी पत्नी मेहनाज बेगम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस हिरासत में आरोपी दंपति
विश्वास का फायदा उठाकर घर बुलाया, फिर बनाया बंधक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती के आरोपी परिवार के साथ पिछले करीब तीन वर्षों से काफी अच्छे पारिवारिक संबंध थे। आरोपी सुल्तान और उसकी पत्नी मेहनाज का युवती के घर लगातार आना-जाना था। पीड़िता का आरोप है कि 6 फरवरी 2026 को आरोपी महिला मेहनाज बेगम उसे अपने विश्वास में लेकर बहला-फुसलाकर अपने घर बुला ले गई। जब युवती वहां पहुंची, तो घर के भीतर मेहनाज का पति सुल्तान उर्फ सलाउद्दीन, एक मौलवी और दो अन्य अज्ञात लोग पहले से ही घात लगाए बैठे थे। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने युवती को बंधक बना लिया।
पिस्तौल के बल पर बदला धर्म, कई दिनों तक किया प्रताड़ित
युवती ने अपनी तहरीर में बताया है कि मुख्य आरोपी सुल्तान सलाउद्दीन ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर युवती को डराया-धमकाया और मौलवी की मौजूदगी में उसका जबरन धर्म परिवर्तन करा दिया। इसके बाद उस पर जबरन निकाह करने का दबाव भी बनाया गया। पीड़िता को कई दिनों तक एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान मुख्य आरोपी ने उसके साथ कथित तौर पर अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ की। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर बाहर निकलने के बाद भी पीड़िता का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। आरोपियों ने रास्ते में उसका पीछा किया और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
SSP के पास पहुंची पीड़िता
आरोपियों के चंगुल से मुक्त होने के बाद हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और एक शिकायती पत्र सौंपा। मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आते ही शुक्रवार को ही मुख्य आरोपी दंपति सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
मुरादाबाद के SP सिटी कुमार रणविजय सिंह ने मामले पर कहा है कि इस गंभीर शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए एसएचओ मझोला रविंद्र कुमार की टीम ने त्वरित कार्रवाई की है। शनिवार को मुख्य आरोपी सलाउद्दीन (निवासी आजाद नगर) और उसकी पत्नी मेहनाज बेगम को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
