Monsoon: मानसून के इस मौसम में बारिश का दौर जारी है। भले ही दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कुछ इलाकों में बारिश नहीं हो रही है और लोग परेशान हैं। लेकिन देश के कुछ हिस्सों में लगातार भारी बारिश हो रही है। दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश में भी इन दिनों मानसूनी बादल खूब मेहरबान हैं। लगातार बारिश से यहां जन-जीवन अस्त-व्यस्त है। खासतौर पर तटीय आंध्र प्रदेश में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण लोगों की जिंदगी बहुत प्रभावित हुई है। यहां भी विशेषतौर पर अल्लूरी सितारामा राजू (ASR) और पार्वतीपुरम मान्यम जिलों में जमकर बारिश हो रही है।
आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी
इन दोनों जिलों में भारी बारिश के कारण कई छोटे पुलिया और कच्ची सड़कें नदियों और नालों के उफान में बह गई हैं। ASR जिले में मंडल मुख्यालयों के अंदरूनी इलाकों के कई गांवों से अब भी संपर्क कटा हुआ है। रविवार को एएसआर जिले के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई।
