Gwalior News: ग्वालियर में मोमोज की संख्या को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि ठेला संचालक ने 18 वर्षीय युवक पर कढ़ाई में रखा खौलता हुआ तेल फेंक दिया। गर्म तेल की चपेट में आने से युवक का चेहरा और कान बुरी तरह झुलस गए। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना पुरानी रेशम मिल चौराहे की बताई जा रही है।
ग्वालियर में 20 रुपये के मोमोज को लेकर बवाल (प्रतीकात्मक फोटो)
20 रुपये के मोमोज पर छिड़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, हजीरा थाना क्षेत्र के रेशम मिल प्रगति नगर निवासी 18 वर्षीय शिवा उर्फ चेतन भदौरिया रविवार शाम अपने दो दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ पुरानी रेशम मिल चौराहे पर स्थित 'अंकित मोमोज' के ठेले पर पहुंचा था। यहां उसने 20 रुपये के मोमोज खरीदे। आरोप है कि प्लेट में मोमोज की संख्या कम होने पर शिवा ने ठेला संचालक अंकित राजपूत से इस बारे में सवाल किया।
खौलता हुआ तेल युवक के ऊपर फेंक दिया
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान अंकित ने शिवा के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान ठेला संचालक ने कढ़ाई में रखा खौलता हुआ तेल शिवा के ऊपर फेंक दिया।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- Madhya Pradesh News: पिता बना जल्लाद! पत्नी के चरित्र पर हुआ शक तो 2 माह की मासूम बेटी की गला घोंटकर कर दी हत्या
ठेला संचालक के खिलाफ मामला दर्ज
गर्म तेल पड़ने से शिवा गंभीर रूप से झुलस गया। उसके चेहरे और कान पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर हजीरा थाना पुलिस ने ठेला संचालक अंकित राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।
