Mohali Firing Case: पंजाब में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। मंगलवार को मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परमिंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या की सनसनी अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि मोहाली से एक और बड़ी वारदात सामने आ गई है। जीरकपुर के बलटाना क्षेत्र में बीती रात करीब 3 बजे एक पूर्व पार्षद के घर पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। गनीमत की बात है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। लेकिन इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं।
मोहाली के बलटाना में पूर्व पार्षद के घर पर फायरिंग
घर पर 7-8 राउंड फायरिंग
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने घर को निशाना बनाकर 7 से 8 राउंड गोलियां चलाईं। यह घटना देर रात करीब 3 बजे हुई। फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने मौके से सबूत जुटाए। पुलिस अब हमलावरों की पहचान करने और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Prayagraj News: माफिया की जमीन पर बनेगा गरीबों का आशियाना, CM योगी कल करेंगे भूमि पूजन
एक साल पहले परिवार को मिली थी धमकी
बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले टोनी बल गैंग की तरफ से पूर्व पार्षद के परिवार को धमकी दी गई थी। उस समय भी पुलिस ने मामला दर्ज किया था। अब पुलिस पुरानी धमकी और ताजा फायरिंग की घटना के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि गोलीबारी के पीछे कौन था और इसका कारण क्या है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
