उत्तर प्रदेश में MLC की सीटों के लिए मतगणना जारी है। वाराणसी में स्नातक सीट के लिए चल रही काउंटिंग के दौरान हंगामे की स्थिति बन गई है। बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने धांधली का आरोप लगाते हुए मतगणना रोकने की मांग की है। बीजेपी कार्यकर्ता धरने पर बैठ गये हैं। बीजेपी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने सीधे तौर पर चुनाव ऑब्जर्वर प्रांजल यादव की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं।
प्रतीकात्मक फोटो
बीजेपी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह के मुताबिक काउंटिंग सेंटर के अंदर बंडल बदले जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मोबाइल के साथ काउंटिंग सेंटर के अंदर मौजूद है। आरोप है कि ऑब्जर्वर प्रांजल यादव निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहे हैं और मतगणना में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। इस शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन काउंटिंग रोक दी है।
बीजेपी की शिकायत के बाद माहौल गर्माया
बीजेपी प्रत्याशी के आरोप के बाद काउंटिंग सेंटर के बाहर माहौल गर्म हो गया। बीजेपी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गये। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि प्रांजल यादव, अखिलेश यादव के इशारे पर काम कर रहे हैं। प्रांजल यादव को हटाने की मांग पर बीजेपी कार्यकर्ता अड़े हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
TIMES NOW Navbharat पर पढ़ें: 'अंदाजा लगाइये कांग्रेस कितनी सीटों पर जीतीं', बैलेट पेपर का जिक्र कर PM का तंज
वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी ने बीजेपी के प्रमोद को हराया
बुधवार को काउंटिंग शुरू हुई थी। पहले राउंड में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा बढ़त बनाए हुए थे। वहीं इससे पहले वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने बीजेपी के डॉ. प्रमोद मिश्रा को हरा दिया था।
सपा ने वाराणसी और आगरा शिक्षक सीट पर जीत का परचम फहराया
बता दें कि बीजेपी ने मेरठ शिक्षक और स्नातक, लखनऊ शिक्षक, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक पर कब्जा जमाया है तो उधर सपा ने वाराणसी और आगरा शिक्षक सीट पर जीत का परचम फहराया है।
