Nuh Fire News: हरियाणा के नूंह जिले के तावड़ू उपमंडल के गांव जोरासी में मंगलवार को एक होलसेल गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। लपटें इतनी ऊंची थीं कि उनका धुआं और चमक करीब 10 किलोमीटर दूर से भी नजर आ रहा था।
नूंह में भीषण आग का तांडव
आग पर काबू पाने की कोशिश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही तावड़ू फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग की विकरालता को देखते हुए भिवाड़ी, बिलासपुर, सोहना और नूंह से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
करोड़ों रुपये के माल को नुकसान
सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है। शुरुआती आकलन के अनुसार, इस आग में करोड़ों रुपये के माल के नुकसान की आशंका है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम में टाइल्स के गोदाम में आग
वहीं इससे पहले गुरुग्राम शहर के नई बस्ती इलाके में काली माता मंदिर के पास स्थित एक टाइल्स के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन संकरी गलियों के कारण शुरुआत में राहत कार्य में दिक्कतें आईं।
बावजूद इसके, फायर कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को आसपास के रिहायशी इलाकों तक फैलने से रोक लिया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने मंदिर के आसपास के रास्तों को बंद कर दिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय गोदाम में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, गोदाम में रखा लाखों रुपये की टाइल्स और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। दमकल विभाग के अनुसार, आग बुझाने के लिए दो गाड़ियों को लगाया गया और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल टीमें मौके पर मौजूद हैं ताकि आग दोबारा भड़कने न पाए।
