Rajgarh Car Accident: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही जान चली गई। यह हादसा भीलखेड़ी जोड़ के पास स्थित एक बांध के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर उसमें में जा गिरी। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ में दर्दनाक हादसा (फोटो- PTI)
मशक्कत के बाद फंसे लोगों को कार से निकाला गया
हादसे की सूचना मिलते ही खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तालाब में गिरी कार तक पहुंचने का प्रयास किया गया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सभी पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।
कार के सभी दरवाजे और खिड़कियां पूरी तरह बंद
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दुर्घटना के समय कार के सभी दरवाजे और खिड़कियां पूरी तरह बंद थीं। इसी वजह से वाहन पानी में गिरने के बाद अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने कार के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और किसी की जान नहीं बचाई जा सकी।
कहां के रहने वाले थे मृतक?
पुलिस के अनुसार मृतकों की जेब से मिले पहचान संबंधी दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान अरनिया खुर्द, अवंतीपुर बड़ोदिया, मोहन बड़ोदिया और हताई खेड़ा गांव के रहने वालों के रूप में होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस संबंधित परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रही है, ताकि मृतकों की आधिकारिक पहचान की जा सके।
पूरे मामले की जांच जारी
सभी शवों को फिलहाल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
