Punjab Firing: पंजाब के मोगा में रविवार को हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि अंगदपुरा मोहल्ले में दुकान के बाहर बैठे युवकों पर काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए कुछ हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य तीन घायल हो गए, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पंजाब के मोगा में अंधाधुंध गोलीबारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अचानक हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि एक युवक के सिर, दो युवकों के पेट और एक युवक की बाजू में गोली लगी है। वहीं, एक अन्य युवक को गोली के छर्रे लगे हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुरानी रंजिश की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इसी विवाद के चलते दूसरे पक्ष के लोगों ने गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया होगा। हालांकि, हमले के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।
छानबीन में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सकें। इसके अतिरिक्त, साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र के जलगांव में RSS रूट मार्च के दौरान पसरा तनाव, सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज
मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चहल ने बताया कि अंगदपुरा मोहल्ले में गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
