MP Road Accident: मध्य प्रदेश के मंडला जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक मोटरसाइकिल बेकाबू होकर जर्जर पुलिया से नीचे गिर गई। जिसमें बाइक सवार चार युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
सड़क पर गड्ढे के कारण बाइक गिरी नीचे
यह हादसा बीजाडांडी थाना क्षेत्र के भैंसवाही गांव के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और पौड़ी गांव से भैंसवाही की ओर जा रहे थे। रात करीब आठ बजे जब वे जर्जर पुल से गुजर रहे थे, तभी सड़क पर बने गड्ढे की वजह से उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते बाइक पुलिया से नीचे जा गिरी। इस हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उनकी हालत इतनी गंभीर थी कि चारों ने अस्पताल नहीं पहुंच पाए और रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
एक ही बाइक पर सवार थे चारों युवक
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रामतिला निवासी प्रमोद कुमार नरेती (24), बस्तरी निवासी संतलाल उइके (23), कुटरई निवासी शिवम यादव (25) और गंगाराम (22) के रूप में हुई है। सभी युवक आपस में परिचित थे और एक साथ बाइक पर यात्रा कर रहे थे। थाना प्रभारी अनीता कुड़ापे ने बताया कि शुरुआती जांच में रोड की खराब स्थिति और गड्ढों को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
