देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में जारी मूसलाधार बारिश और लगातार खराब बने हुए मौसम का सीधा असर अब विमान सेवाओं पर देखने को मिल रहा है। बिगड़े मौसम और कम दृश्यता की स्थिति को देखते हुए बजट एयरलाइन स्पाइसजेट (SpiceJet) ने अपने यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (BOM) से होने वाले सभी उड़ाने और उनसे जुड़ी कनेक्टिंग उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
खराब मौसम के कारण फ्लाइट्स पर असर
'घर से निकलने से पहले जांचें उड़ान का स्टेटस': स्पाइसजेट
स्पाइसजेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए यात्रियों को सतर्क किया है। स्पाइसजेट ने लिखा कि "#WeatherUpdate : मुंबई (BOM) में खराब मौसम और भारी बारिश के कारण सभी प्रस्थान, आगमन और उनसे जुड़ी उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की अपडेटेड स्थिति (Flight Status) की जांच नियमित रूप से करते रहें।"
मुंबई में मानसून का कहर
मुंबई में बीते कुछ हफ्तों से रुक-रुक कर और कई इलाकों में लगातार मूसलाधार बारिश दर्ज की जा रही है। इससे पहले भी तेज बारिश, बादलों की तेज आवाजाही और कम विजिबिलिटी के कारण मुंबई हवाई अड्डे पर कई विमानों को हवा में चक्कर लगाने पर मजबूर होना पड़ा था, जबकि कई फ्लाइट्स को पास के नजदीकी हवाई अड्डों पर डाइवर्ट करना पड़ा था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शहर के कई हिस्सों के लिए बारिश का अलर्ट जारी कर रखा है। बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी पैदा हो गई है, जिससे सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ गई है और लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है।
यात्रियों के लिए जरूरी निर्देश
बिगड़े मौसम के कारण हवाई अड्डे पर होने वाली भारी भीड़, उड़ानों में देरी और अंतिम समय में किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर लाइव PNR/फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करना चाहिए। सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए घर या होटल से अतिरिक्त समय लेकर निकलें ताकि सही समय पर एयरपोर्ट पहुंचा जा सके। एयरलाइन के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जारी रियल-टाइम वेदर अलर्ट पर नजर बनाए रखें।
