Maharashtra News: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले से दीपावली के त्योहार के बीच एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के येदशी गांव में रविवार देर रात एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में घर के अंदर फंसे एक ही परिवार के 4 सदस्यों की धुएं के कारण दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
दम घुटने से मौत की आशंका
धुएं ने बंद किया बाहर निकलने का रास्ता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पीड़ित परिवार गांव में स्थित अपनी किराना दुकान की ऊपरी मंजिल पर बने मकान में रहता था। रविवार देर रात जब परिवार के सदस्य सो रहे थे, तभी निचले हिस्से में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत धुएं के घने गुबार से भर गई। दुकान और सीढ़ियों की तरफ से आग व धुआं उठने के कारण परिवार को बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला और वे अंदर ही फंस गए।
दीवाली के दीये से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि हादसा दीपावली पूजन के बाद जलाए गए मिट्टी के दीये से निकली चिंगारी के कारण हुआ होगा, हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं। धाराशिव सरकारी अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अस्पताल लाए जाने से पहले ही चार लोगों की मृत्यु हो चुकी थी। झुलसे और धुएं से प्रभावित 2 अन्य लोगों का सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की भनक लगते ही स्थानीय ग्रामीणों और दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दुखद घटना के बाद से पूरे येदशी गांव में शोक और मातम का माहौल है।
