Mumbai Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के मौके पर मुंबई के जुहू बीच पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में व्रती महिलाओं ने अपने परिवार के साथ समंदर में खड़े होकर डूबते हुए सूर्य नारायण को अर्घ्य दिया। पूरा बीच छठी मैया के गीतों, मंत्रों और श्रद्धा से गूंज उठा। इस मौके पर शिवसेना के पूर्व सांसद संजय निरुपम भी अपने परिवार के साथ जुहू बीच पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते नजर आए।
जुहू बीच पर छठ (फोटो साभार- @Dev_Fadnavis)
महाराष्ट्र के CM फडणवीस भी छठ पूजा में पहुंचे
वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी जुहू बीच पर छठ पूजा में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने छठ महासंघ द्वारा आयोजित ‘छठ महापर्व’ में श्रद्धालुओं को संबोधित किया। इस दौरान भाजपा मुंबई अध्यक्ष और विधायक अमित साटम सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम है। हर साल की तरह इस साल भी श्रद्धालु असीम ऊर्जा के सर्वोच्च स्रोत भगवान सूर्य नारायण और छठी मैया का आशीर्वाद लेने के लिए अपार श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ जुटे हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे सभी त्योहार प्राचीन और सनातन संस्कृति के अमूल्य प्रतीक हैं। ये त्योहार समाज के हर वर्ग को एक साथ लाते हैं, आपसी प्रेम और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं और सामाजिक एकता को और मजबूत करते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि निर्जला व्रत रखने वाली महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए सरकार ने व्यवस्थाओं में जरूरी बदलाव किए हैं, ताकि आस्था और भक्ति के इस महान पर्व को उनके लिए और अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके। उन्होंने भगवान सूर्य नारायण और छठी मैया से सभी के लिए सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- पटना में छठ घाट पर बड़ा हादसा, गंगा में डूबे 4 युवक
प्रसाद की डलिया सिर पर लेकर घर लौटे व्रती
गौरतलब है कि शाम की अर्घ्य के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने सिर पर प्रसाद से भरी डलिया लेकर घर जाते नजर आए। महिलाएं पारंपरिक परिधान में थीं और उनके चेहरे पर व्रत की थकान के बावजूद गहरी आस्था झलक रही थी। यह सभी व्रती फिर सोमवार को उगते सूरज को अर्घ्य देने के लिए जुहू बीच आएंगे।एक परिवार ने बताया कि वह पिछले 15 साल से लगातार छठ पूजा करता आ रहा है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे बिहार से मुंबई आए हैं, लेकिन अपनी परंपरा को आज भी पूरी श्रद्धा से निभा रहे हैं। इस बार उनके साथ Gen Z युवा और छोटे बच्चे भी नजर आए, जो छठ की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
