Jabalpur Boat Accident: मध्य प्रदेश के डॉ. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जबलपुर क्रूज हादसे के पीड़ित परिवारों से शुक्रवार को मुलाकात की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है। कोई भी परिवार खुद को अकेला न समझे। इस दौरान उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी उनके साथ रहे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पीड़ितों से की मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने कहा कि इस हादसे के दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। उच्च स्तरीय समिति इसकी जांच करेगी। भविष्य में ऐसी घटना न हो इसके लिए एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए एसओपी बनाई जाएगी।
CM ने पीड़ित परिवारों का बांटा दुख
मुख्यमंत्री ने हादसे में मृत नीतू सोनी के निवास पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्हें देखकर परिवार की बेटी अपने आंसू नहीं रोक सकी। ऐसे में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उसके सिर पर हाथ रखा और ढांढस बंधाया और परिवारजनों को सांत्वना दी। साथ ही, उन्होंने दो छोटे बच्चों को भी गले लगाकर दुख बांटा। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव रियाज हुसैन के घर पहुंचे। रियाज क्रूज हादसे में बाल-बाल बच गए थे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पीड़ितों से की मुलाकात
28 लोगों की बचाई जान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां नर्मदा के स्थान पर दुखद हादसा हुआ है। इस हादसे में 9 लोगों के शव मिले हैं। 28 लोगों को बचाया जा चुका है। इस घटना से पूरा प्रदेश स्तब्ध है। घटना वाले स्थल के पास ही जल जीवन मिशन का काम चल रहा था। इसलिए इस काम में लगी हुई टीम भी लोगों की मदद करने पहुंची। प्रशासन को सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ टीमों के साथ-साथ लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी को घटना स्थल पर भेजा था। उन्होंने कहा कि सांसद आशीष और विधायक नीरज भी स्थानीय जन प्रतिनिधियों के साथ कल रात से अभी तक यहां हैं। मेरे साथ प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा भी जबलपुर आए हैं।
परिवारों ने बांटा दर्द
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना में दूसरों की जान बचाने वालों को 51-51 हजार रुपये देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2-2 लाख आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
