Pink Employment Mahakumbh 2026: उत्तर प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आज का दिन मील का पत्थर साबित होने वाला है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन द्वारा आयोजित ‘पिंक रोजगार महाकुंभ-2026’ में सुबह 10 बजे से ही युवतियों का हुजूम उमड़ पड़ा है। इस आयोजन का एकमात्र लक्ष्य है, 5,000 महिलाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में सीधे रोजगार से जोड़ना।
आज लखनऊ में पिंक रोजगार महाकुंभ
10वीं पास से लेकर पीएचडी धारकों तक के लिए मौके
इस महाकुंभ की सबसे बड़ी विशेषता इसकी व्यापकता है। यहाँ सिर्फ तकनीकी डिग्री वालों के लिए ही नहीं, बल्कि हर शैक्षिक पृष्ठभूमि की महिलाओं के लिए द्वार खुले हैं। 18 से 40 वर्ष की आयु वर्ग की महिलाएं, जिन्होंने 10वीं, 12वीं, स्नातक, परास्नातक या बी.टेक, एमबीए, फार्मेसी और यहाँ तक कि पीएचडी भी की है, वे अपनी योग्यता के अनुसार पद चुन सकती हैं।
दिग्गज कंपनियों का जमावड़ा
राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में देश की 50 से अधिक नामी कंपनियां डेरा डाले हुए हैं। इनमें अमेजन, फ्लिपकार्ट, रिलायंस जियो, एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा फाइनेंस, पेटीएम, केएफसी, एप्टेक और कई अन्य लॉजिस्टिक्स कंपनियों के नाम शामिल हैं। ये कंपनियां सेल्स, कस्टमर सर्विस, आईटी सपोर्ट, बैंकिंग और हेल्थकेयर जैसे विभिन्न सेक्टरों में मौके दे रही हैं।
रजिस्ट्रेशन की आसान प्रक्रिया
रोजगार मेले में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल या नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर निःशुल्क रजिस्ट्रेशन कर इस मेले का हिस्सा बन सकते हैं। इंटरव्यू के लिए आने वाली महिलाओं को अपने साथ बायोडाटा, आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाणपत्र और रजिस्ट्रेशन स्लिप लाना अनिवार्य है। इस आयोजन का उद्देश्य केवल नौकरी देना नहीं, बल्कि प्रदेश के वर्कफोर्स में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना है। 'पिंक रोजगार महाकुंभ' जैसे मंच शिक्षित युवतियों को सीधे कॉर्पोरेट जगत से जोड़ते हैं, जिससे उनके करिय र को एक नई दिशा मिलती है।
