लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवे चरण में यानी 20 मई को मतदान होगा। शहर में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए हर तरफ से पहल हो रही है। एक तरफ राजनीतिक दल ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं और दूसरी ओर चुनाव आयोग भी बार-बार मतदाताओं को सजग कर रहा है। इस बीच शहर के अन्य संस्थान भी अपनी-अपनी ओर से पहल कर रहे हैं। ऐसा ही कुछ किया है शहर के सेंट जोसेफ स्कूल ने। स्कूल ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए अनोखी पहली की है, जिसके तहत माता-पिता के वोट करने पर उनके बच्चों को 10 नंबर अतिरिक्त दिए जाएंगे।
मतदान बढ़ाने की अनोखी पहल
राज्य की राजधानी लखनऊ में इस बार 70 फीसद मतदमान का लक्ष्य रखा गया है। कई निजी संस्थाएं इसमें अपनी ओर से योगदान दे रही हैं। सेंट जोसेफ स्कूल के प्रबंधन अनिल अग्रवाल ने घोषणा की है कि जो भी अभिभावक मतदान में भाग लेंगे, उनके बच्चों को एग्जाम में 10 नंबर अतिरिक्त दिए जाएंगे। इसके लिए अभिभावकों को मतदान के बाद स्कूल में आकर कमेटी के सामने अपनी उंगली पर लगी मतदान की अमिट स्याही दिखानी होगी।
टीचर्स को एक्स्ट्रा सैलरी
ऐसा नहीं है कि यह ऑफर सिर्फ छात्रों और उनके माता-पिता के लिए है। बल्कि स्कूल में काम करने वाले टीचर्स और अन्य कर्मचारियों के भी पूरे परिवार सहित मतदान करने पर उन्हें एक दिन का अतिरिक्त वेतन यानी सैलरी मिलेगी। स्कूल प्रबंधक अनिल अग्रवाल का कहना है कि लोकतंत्र के पर्व में हम सभी की भागीदारी होनी चाहिए। सभी को मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वयं सेंटोनियल कॉलेज, गोलागंज स्थित क्रिश्चियन कॉलेज और विक्रमादित्य मार्ग पर मौजूद अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में बने मतदान केंद्रों का दौरा किया। सेंटीनियल कॉलेज को मॉडल वोटिंग सेंटर बनाने के वास्ते उन्होंने निर्देश दिया कि यहां पर चारों बूथों में कूलर और पोलिंग पार्टी के ठहरने के स्थान पर भी कूलर की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा आरओ के ठंडे पानी की व्यवस्था करने का भी निर्देश उन्होंने दिया।
