UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 20-Apr-2025: उत्तर प्रदेश में मौसम की चाल फिर बदलने वाली है। आने वाले दिनों में यहां फिर गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा। तेज धूप, आसमान से बरसती आग और हीटवेव से लोगों को परेशान होते देखा जाएगा। बीते दो दिन से यूपी में आंधी-तूफान के साथ कहीं-कहीं अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान पर कुछ असर देखा गया। लेकिन एक बार फिर तापमान बढ़ना शुरू हो गया है। दिन से साथ यहां रातें भी गर्म होने लगी है। यूपी में आज मौसम विभाग ने विभिन्न प्रकार के अलर्ट जारी किए हैं। कहीं ऑरेंज अलर्ट है तो कहीं येलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, वहीं येलो अलर्ट वाले जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। आइए अब आपको बताएं, कैसा रहेगा आज मौसम का हाल -
यूपी में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश के इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, ज्योतिबा फुले, मुरादाबाद, बरेली, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, रामपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर, मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र में मेघगर्जन के साथ वज्रपात, धूल भरी आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि यहां हवाओं की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा हो सकती है।
यूपी के इन जिलों में येलो अलर्ट
आज यूपी के गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत, मेरठ, संभल, बदायूं, हरदोई, लखनऊ, अमेठी , बाराबंकी, अंबेडकरनगर, अयोध्या, सुल्तानपुर, आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, संत कबीर नगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलिया और मऊ में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चल सकती है। साथ ही कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना भी है।
यूपी के इन जिलों में गर्म रहेंगी रातें
यूपी में कहीं आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है, तो वहीं कुछ जिले ऐसे भी हैं, जहां गर्म रात का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज यूपी के आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर और महोबा में गर्म रात का येलो अलर्ट जारी किया है।
सीएम योगी ने दिए राहत कार्य संचालित करने के निर्देश
सीएमओ द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने तूफान, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली के मद्देनजर संबंधित जिलों के अधिकारियों को राहत कार्य तत्परता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी क्षेत्र में घूमकर सर्वे करें और राहत कार्यों की निगरानी करें। आपदा के कारण जनहानि या पशुहानि होने पर प्रभावितों को तत्काल राहत राशि वितरित की जाए। घायलों को समुचित उपचार दिया जाए। सर्वे कराकर फसल क्षति का आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजें, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
