UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 13-September-2025: उत्तर प्रदेश में इस समय मानसून कुछ कमजोर भले दिखाई दे रहा हो लेकिन आज, शनिवार को बादल मेहरबान हो सकते हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज और रविवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में नमी भरा मौसम बना रहेगा, कई जिले तीखी धूप और उमस से बेहाल रहेंगे लेकिन कुछ इलाकों में बारिश भी देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने आज 43 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
आज राज्य के आधे से अधिक जिलों में बारिश के आसार
राजधानी में राहत नहीं
बात करें लखनऊ की, तो आज शनिवार को सूरज शहर की तपिश बढ़ाएंगी। शहरवासियों के साथ-साथ आस-पास के जिलों जैसे कानपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, रायबरेली, उन्नाव, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, आगरा और फिरोजाबाद में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है। इन इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है और लोगों को उमस झेलनी पड़ेगी।
पश्चिमी यूपी में बादलों की हलचल
नोएडा और गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में धूप-छांव का दौर रहेगा। लगभग पूरे पश्चिमी यूपी में बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी, लेकिन बरसात की संभावना हर जगह नहीं है। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी जरूर देखने को मिल सकती है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, संभल के इलाके में आंधी-बारिश को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
43 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार के लिए कुल 43 जिलों में बिजली गिरने, आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। ये अलर्ट सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, कासगंज, एटा, मैनपुरी, कन्नौज, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, महराजगंज, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, प्रयागराज, भदोही और सोनभद्र में जारी किया गया है। बाकी जिलों में कोई अलर्ट नहीं है।
दो दिन बाद आसार बेहतर
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बीते 24 घंटे में कहीं भारी तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई है। अगले सप्ताह से एक नया सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जिसका असर बंगाल की खाड़ी से लेकर महाराष्ट्र तक दिखाई देगा। ये सिस्टम उत्तर भारत में बारिश ला सकता है। अनुमान है कि यूपी में दो दिन बाद मानसून दोबारा सक्रिय होगा और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
