UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 12-October-2025: उत्तर प्रदेश में अब कूलर और एसी वाले दिन जा चुके हैं। यूपी में तेजी से मौसम बदल रहा है। न्यूनतम तापमान में भी लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। जिससे सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है। ग्रामीण इलाकों में गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। तापमान में गिरावट को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि दीवाली के करीब पारा और लुढ़क सकता है। जिससे गर्म कपड़े निकालने की जरूरत पड़ सकती है। फिलहाल आज के मौसम की बात करते हैं, आइए जानते हैं कि आज यूपी में कैसा मौसम रहने वाला है:
आज यूपी का मौसम
यूपी में आज कैसा मौसम रहेगा
उत्तर प्रदेश में आज पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान किसी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। आने वाले दिनों में भी ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। 17 अक्टूबर तक प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस अवधि में यूपी में कहीं भी बारिश या तेज हवाएं चलने की कोई संभावना नहीं है। तापमान की बात करें तो अगले 5 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं।
यूपी से जल्द विदा होगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों में उत्तर प्रदेश के बचे हुए हिस्सों से मानसून लौटने की परिस्थितियां अनुकूल हैं। प्रदेश में सतही स्तर पर शुष्क पछुआ और उत्तर-पश्चिमी हवा बह रही है। जिससे तापमान में फिलहाल कोई खास बदलाव दिखने की संभावना नहीं है। हालांकि आने वाले दिनों में यूपी के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने के आसार हैं।
यूपी में इटावा में रहा सबसे कम तापमान
यूपी में अभी सुबह-शाम हल्का ठंडा मौसम बना हुआ है। वहीं दोपहर में तेज धूप निकल रही है। प्रदेश में न्यूनतम पारा लुढ़ककर 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। बीते दिन प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान इटावा में रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे अधिक तापमान उरई में 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
