UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 05-October-2025: उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों से मानसून विदा चुका है। लेकिन यूपी में बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से छिटपुट बारिश दर्ज की जा रही है। लेकिन आज बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज यूपी के 27 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुशीनगर, देवरिया और बलिया में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट है।
यूपी में आज तेज बारिश का अलर्ट (AI Image)
यूपी में आज किन जिलों में होगी बारिश
आईएमडी के अनुसार आज यूपी में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की भी चेतावनी दी गई है। यूपी के 12 जिलों में रविवार को भारी बारिश होने का अलर्ट है। जिनमें गोरखपुर, मऊ, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गाजीपुर, जौनपुर, संतकबीरनगर, आजमगढ़, बलरामपुर, अंबेडकरनगर, बस्ती और श्रावस्ती शामिल हैं। वहीं चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, गोंडा, चंदौली, सुल्तानपुर, बहराइच और अयोध्या में हल्की बारिश होने का अलर्ट है।
यूपी में अभी जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
मौसम विभाग के अनुसार 5 अक्टूबर से एक नया पश्चिम विक्षोभ का असर उत्तर-पश्चिम भारत पर देखने को मिल सकता है। जिसके प्रभाव से यूपी के पश्चिमी हिस्से में 5 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। पश्चिमी यूपी में 6 और 7 अक्टूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। जिसके बाद 7 अक्टूबर से फिर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आ जाएगी। 9 अक्टूबर से यूपी में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है।
यूपी में इस मानसून कितनी बारिश हुई
अक्टूबर माह की शुरुआत से ही यूपी के कई हिस्सों में छिटपुट बारिश देखने को मिल रही है। 1 से 4 अक्टूबर तक प्रदेश में 28.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। शनिवार को पूर्वी यूपी के 41 जिलों में बारिश हुई। इस दौरान पश्चिमी हिस्से में सिर्फ 7 जिलों में ही छिटपुट बारिश हुई। सबसे अधिक बरसात वाराणसी में देखने को मिली। यूपी में इस मानसून सीजन में 1 जून से 30 सितंबर तक 701.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। यह सामान्य से 6 फीसदी कम 746.2 मिमी है। इस दौरान पश्चिमी यूपी में 12 फीसदी अधिक बारिश हुई, वहीं पूर्वी यूपी में 17 प्रतिशत कम पानी बरसा। हालांकि इस महीने प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान है।
