UP Ka Mausam 03-Oct-2025: अक्टूबर महीने की शुरुआत बारिश के साथ हुई है। मौसम विभाग ने अक्टूबर के पहले सप्ताह में देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया। जिन राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है उनमें उत्तर प्रदेश भी शामिल है। महीने की शुरुआत के साथ ही यूपी में मौसम के मिजाज बिगड़े हुए हैं। यहां शाम में हुई बारिश और देर रात चली हवाओं के कारण मौसम सुहावना हो गया है। उमस वाली गर्मी से लोगों को राहत मिल रही है। 35 डिग्री पहुंचा प्रदेश का तापमान अब कम होने लगा है। मौसमी गतिविधियों को देखते हुए आगामी दिनों में भी प्रदेश का मौसम सुहावना बना रहेगा। रात के समय ठंडक महसूस होगी।
यूपी में मौसम का हाल (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
यूपी में आज मौसम का हाल
मौसम विभाग कि रिपोर्ट के अनुसार, यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। आज चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, फतेहपुर, बांदा, अमेठी, रायबरेली, सुल्तानपुर, अयोध्या, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलिया, मऊ और अंबेडकर नगर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां बादलों की गड़गड़ाहट और तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ की रिपोर्ट के अनुसार, यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
इसके अलावा फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर,बस्ती, एटा, कासगंज, बाराबंकी, कानपुर, कानपुर देहात, कन्नौज आदि जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलेंगी, जिससे मौसम में हल्की ठंडक महसूस होगी।
यूपी में कल का मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ की रिपोर्ट के अनुसार, कल यानी 4 अक्टूबर 2025 को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बादलों की गड़गड़ाहट और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में 5 अक्टूबर तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 6 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
