UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव की वजह से भीषण गर्मी से राहत मिली है। यहां बारिश और तेज हवाओं के चलते मौसम खुशनुमा बना हुआ है। लखनऊ समेत कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी से दोपहर के समय तापमान में कमी आई है। प्रदेश के पूर्वोत्तर हिस्सों में बीते दो दिनों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से अच्छी बारिश दर्ज की गई। बुधवार को गोरखपुर, महाराजगंज आदि जिलों के कुछ हिस्सों में ओले भी पड़े हैं। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यूपी के कई जिलों में अगले दो से तीन दिन गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती है।
यूपी के कई जिलों में बारिश के आसार
इन जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट
यूपी की राजधानी लखनऊ में बुधवार को सुबह की शुरुआत हल्की बारिश से हुई। जिससे दिन के तापमान में भी गिरावट हुई। वहीं शाम में ठंडी हवाओं के चलने से मौसम सुहावना रहा। बुधवार को यहां का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तामपान 23 डिग्री दर्ज किया गया। आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज यूपी के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की स्पीड से तेज झोंकेदार हवा (आंधी) भी चल सकती है। आज देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी, गोंडा और बस्ती में बादल गरजने के साथ आंधी चलने की संभावना है। वहीं श्रावस्ती, सीतापुर, बहराइच, हरदोई और बलरामपुर में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी चलने के आसार है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार यूपी में कल कहीं-कहीं पर बारिश और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इस दौरान पूर्वी यूपी में 40 से 50 किमी प्रति घंटा और पश्चिमी यूपी में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की स्पीड से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 11 मई को भी बारिश और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 12 मई को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। इस दिन यूपी में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं।
