Swatantra Dev Singh Faheem Irfan Clash: यूपी विधानसभा के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। इस दौरान भाजपा मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और सपा विधायक फहीम इरफान के बीच सवाल-जवाब का दौर इतना बढ़ गया कि बात “बीवी की कसम” तक पहुंच गई। मुरादाबाद जिले की बिलारी सीट से सपा विधायक फहीम इरफान ने जल जीवन मिशन की खामियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कम प्रेशर की वजह से आधे घंटे में एक बाल्टी पानी मुश्किल से भरता है, और हैंडपंप की व्यवस्था भी समाप्त कर दी गई है।
सड़कें तोड़कर पानी के टैंक बनाए गए
फहीम इरफान ने आरोप लगाया कि ठेकेदारों ने सड़कें तोड़कर पानी के टैंक बनाए, लेकिन कई जगहों पर टंकियां गिर गईं, जिससे जान-माल का नुकसान हुआ। अयोध्या, बरेली, सीतापुर और मथुरा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि योजना शुरू होने के बाद कई जगह लोग बीमारियों के शिकार हो रहे हैं, क्योंकि ठेकेदारों ने मनमानी की। उन्होंने सरकार की सड़कों की मरम्मत संबंधी रिपोर्ट को भी झूठा बताया।
बीवी की कसम खाकर कहें
इसके जवाब में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि प्रदेश में कुल 5,63,992 किमी वितरण प्रणाली में से 5,15,000 किमी बिछाई जा चुकी है और 1,90,105 किमी सड़कों की पुनर्स्थापना हुई है। इसके साथ ही उन्होंने इरफान को चुनौती देते हुए कहा, “अपनी बीवी की कसम खाकर कहें कि आपके गांव में पानी नहीं पहुंचा।” इस पर इरफान ने आपत्ति जताई और कहा कि मंत्री कसम खाने की बात न करें, बल्कि एक जिले की जांच करा लें। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके दावे गलत निकले तो वे विधानसभा से इस्तीफा देने को तैयार हैं।
