Road Accident In Barabanki: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में बुधवार तड़के दर्दनाक घटना घटी। रामसनेहीघाट थाना इलाके में हुए सड़क हादसे में मासूम बच्ची समेत तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि हादसे में 34 लोग घायल हो गए। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हादसे के बाद घायल लोग हाईवे पर तड़पते रहे। काफी देर बाद घायलों को अस्पताल में भेजा गया। घटना में घायल छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे में शिकार हुए सभी लोग मुंडन और वरीक्षा कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।
बहराईच सड़क हादसे में 3 लोगों की जान गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को तड़के करीब चार बजे लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर कोटवा सड़क ओवरब्रिज के पास अयोध्या से लखनऊ की तरफ जा रहे ट्रक ने आगे चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्राली पलट गई और चीख-पुकार मच गई।
पीछे चल रहे ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली में मारी जोरदार टक्कर
ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार 34 लोग घायल हो गए, जबकि मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे का शिकार सभी लोग बदोसराय के अलग-अलग गांव के हैं। बताया जा रहा है कि, रामसनेहीघाट थाना इलाके के लंबौवा गांव के रहने वाले रामकरन की बेटी बिट्टू का मंगलवार को मुंडन और भाई दिवाकर का वरीक्षा कार्यक्रम था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रामकरन के ससुराल के लोग कटका थाना रामनगर से ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर आए थे, बुधवार तड़के सभी वापस कटका के लिए रवाना हुए। जैसे ही लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर रामसनेहीघाट थाना इलाके में कोटवा सड़क के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रॉली डिवाइडर पर पलट गई और दूर तक घिसटते हुए चली गई।
इलाज के दौरान तीन ने तोड़ा दम
चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही सीओ रघुवीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्र पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हाईवे पर पलटी ट्रॉली को हटवाया। हादसे में इलाज के दौरान रामकरन की सास कटका की रहने वाली मालती देवी, मासूम शुभी पुत्री अशोक और शांति ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में घायल करीब 25 लोगों को रामसनेहीघाट सीएचसी से रेफर कर दिया गया है। इनमें कई लोगों की हालत गंभीर बनी है। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
