उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 56 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इस ठगी में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि इन सभी ने मिलकर लखनऊ में रहने वाली 73 वर्षीय महिला को डिजिटल अरेस्ट में रखकर डराया-धमकाया और 56 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। ठगी का अंदेशा मिलते ही महिला ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने ठगी के तीन आरोपी किए गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने पैसे इकट्ठा करने के लिए थार गाड़ी का इस्तेमाल करते थे, जिस पर अधिवक्ता का नाम लिखा हुआ था ताकि पुलिस को उन पर शक न हो। एडीसीपी क्राइम ने बताया कि पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत 18 जुलाई को दर्ज करवाई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था, जिसमें आरोपियों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए उससे मोबाइल और आधार नंबर मांगा था।
आरोपियों ने ऐसे दिया ठगी की वारदात को अंजाम
महिला ने बताया कि आरोपियों ने पीड़िता को कहा कि उसके खिलाफ मुंबई में एफआईआर दर्ज है। इतना ही नहीं, आरोपियों ने महिला को पुलिस की वर्दी में तैयार होकर वीडियो कॉल भी किया, ताकि वह डर जाए। आरोपियों ने महिला को कहा कि वह मनी लॉन्ड्रिंग केस में संलिप्त है और उसे इस मामले में जेल भेजने की धमकी दी। डराने के बाद आरोपियों ने महिला को डिजिटल अरेस्ट कर उसे बैंक से पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा, जिसे जांच के बाद वापस मिल जाने की भी बात की। इस प्रकार आरोपियों ने महिला को डरा धमका कर ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
