ऐतिहासिक पल के लिए तैयार अयोध्या, 25 नवंबर को होगा राम मंदिर में भव्य ध्वजारोहण; अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को राम मंदिर के मुख्य शिखर पर ध्वजारोहण करके एक ऐतिहासिक अध्याय का उद्घाटन करेंगे। अयोध्या इस खास मौके से पहले सुरक्षा और व्यवस्थाओं के उच्चतम स्तर पर सजा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रदेश में नए सुख-समृद्धि युग की शुरुआत बताते हुए सभी श्रद्धालुओं को सहयोगपूर्ण वातावरण का भरोसा दिलाया है।

Ram Mandir Dhwajarohan 2025: आगामी मंगलवार, 25 नवंबर को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवनिर्मित भव्य राम मंदिर के मुख्य शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे, तो इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने वाले अतिथियों को एक बार फिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह और दीपोत्सव जैसी दिव्य अनुभूति मिलने की संभावना है। इस विशेष अवसर को अविस्मरणीय बनाने के लिए मंदिर परिसर और आसपास की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 25 नवंबर की सुबह लगभग 10 बजे महार्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आगमन करेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से साकेत महाविद्यालय पहुंचेंगे। साकेत महाविद्यालय से उनका काफिला सड़क मार्ग से गेट नंबर 11 होते हुए सीधे राम मंदिर परिसर में प्रवेश करेगा। राम मंदिर के मुख्य शिखर पर ध्वज स्थापना के क्षण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश-दुनिया के करोड़ों राम भक्तों को मंदिर निर्माण की पूर्णता का संदेश देंगे।

Ayodhya On High Alert Amid Ram Mandir Dhwajarohan 2025 Program (Photo: ANI)

राम मंदिर ध्वजारोहण 2025 कार्यक्रम के बीच अयोध्या हाई अलर्ट पर (फोटो: एएनआई)

हाई अलर्ट पर पूरी अयोध्या

इस समारोह को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। पूरा शहर हाई-अलर्ट पर है और सुरक्षा की कमान एटीएस, एनएसजी और एसपीजी जैसी विशेष एजेंसियों के हाथों में है। राम मंदिर ट्रस्ट ने इस महत्वपूर्ण अवसर पर करीब 7,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया है। इनमें पूर्वी उत्तर प्रदेश से लगभग 3,000 लोग, अयोध्या जिले के 3,000 साधु-संत और देशभर से लगभग 1,500 प्रमुख मेहमान शामिल हैं। माना जा रहा है कि उद्योगपति मुकेश अंबानी, अभिनेता अमिताभ बच्चन और क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर जैसी नामचीन हस्तियाँ भी कार्यक्रम में उपस्थित हो सकती हैं। इवेंट को देखते हुए अयोध्या और आसपास की सभी एयर स्ट्रिप्स को अलर्ट मोड पर रखा गया है। महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लगभग 45 विमानों के लैंड होने की संभावना जताई गई है।

End of Feed