स्वतंत्रता की 78वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय रेलवे द्वारा स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराना है। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा यह अभियान 1 अगस्त से 15 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। अभियान का आयोजन दो चरणों में किया जा रहा है।
स्वतंत्रता दिवस पर रेलवे ने चलाया स्वच्छता अभियान (फोटो - Canva)
15 दिन के लिए चलेगा स्वच्छता अभियान
इस स्वच्छता अभियान की शुरुआत 1 अगस्त को लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, उन्नाव, जौनपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर स्वच्छता शपथ के साथ की गई। मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने वाराणसी जंक्शन पर उपस्थित रहकर कर्मचारियों और यात्रियों को शपथ दिलाई और अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
स्वच्छता अभियान के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, वर्कशॉप और प्रशिक्षण कार्यक्रम शामिल है। 4 अगस्त को श्रमदान और अनाउंसमेंट के जरिए जागरूकता बढ़ाई जाएगी। 5 अगस्त को रेलवे कॉलोनियों और कार्यालयों में स्वच्छता पर कार्यशाला होगी। 6 अगस्त को बायो-टॉयलेट के सही उपयोग पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके बाद लखनऊ रेल मंडल द्वारा 7 अगस्त को सभी स्टेशनों की रेल पटरियों की सफाई की जाएगी। उसके बाद 9 अगस्त को शौचालयों और नालियों की विशेष सफाई की जाएगी। 11 अगस्त को प्लास्टिक के न्यूनतम उपयोग पर जागरूकता फैलाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। 14 अगस्त को जल स्रोतों की सफाई और पौधारोपण का अभियान चलेगा। स्वतंत्रता दिवस पर पौधरोपण किया जाएगा और उत्कृष्ट सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर स्वच्छता अभियान की शुरुआत को लेकर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि "स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि एक संस्कार है।"
