Summer Special Train: बढ़ती गर्मी और बढ़ती भीड़ से कुछ राहत दिलाने के लिए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक नई स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन जोधपुर से गोरखपुर और वापसी में गोरखपुर से जोधपुर के बीच चलाई जाएगी। इस ट्रेन की खास बात है कि इसका रूट लखनऊ से होकर गुजरेगा। आइए इसकी टाइमिंग के बारे में जानते हैं।
जोधपुर-गोरखपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन (सांकेतिक तस्वीर)
इस महीने तीन दिन चलेगी
ट्रेन संख्या 04829 जोधपुर-गोरखपुर ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन 12, 19 और 26 जून को हर गुरुवार को शाम 4:15 बजे जोधपुर से रवाना होगी और अगले दिन शुक्रवार को शाम 8:50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 04830 गोरखपुर-जोधपुर स्पेशल ट्रेन 13, 20 और 27 जून को हर शुक्रवार रात 11:25 बजे गोरखपुर से चलेगी और रविवार सुबह 4:00 बजे जोधपुर पहुंचेगी।
इन शहरों से होकर गुजरेगी ट्रेन
लखनऊ इस ट्रेन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। जोधपुर से गोरखपुर जा रही ट्रेन लखनऊ में शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे पहुंचेगी, जबकि गोरखपुर से जोधपुर जा रही ट्रेन लखनऊ से शनिवार सुबह 6:05 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन मेड़ता रोड, डेगाना, छोटी खाटू, डीडवाना, लाडनूं, सुजानगढ़, रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर, लोहारू, महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट, दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती और खलीलाबाद में रुकेगी। इस खास ट्रेन में कुल 20 डिब्बे होंगे, जिनमें 2 सेकंड AC, 4 थर्ड AC, 10 स्लीपर, 2 सामान्य श्रेणी और 2 गार्ड कोच शामिल होंगे। रेलवे की इस पहल से यात्रियों को गर्मियों में यात्रा करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
