UP Bihar Interstates Buses: यात्रियों की बढ़ती मांग और यातायात की बेहतरी को ध्यान में रखते हुए यूपी और बिहार के परिवहन विभागों ने बसों की संख्या बढ़ाने और नए रूट शुरू करने का फैसला लिया है। उत्तर प्रदेश और बिहार परिवहन निगम की बसें नए रूट पर एक-दूसरे राज्य में जा सकेंगी। इसको लेकर गुरुवार को परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव अमित गुप्ता की अध्यक्षता में दोनों राज्यों के बीच समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किया गया।
यूपी बिहार के बीच बढ़ेगी बसोंं की संख्या
गुरुवार को लखनऊ स्थित UPSRTC मुख्यालय में उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव परिवहन अमित गुप्ता की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार समेत दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इस मीटिंग में इंटरस्टेट परमिट, नए रूट की पहचान और बसों की फेरे बढ़ाने पर खास जोर दिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि प्राइवेट बस ऑपरेटरों को परमिट देकर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी।
इस नए फैसले के बाद यूपी रोडवेज की बसें बिहार के ज्यादातर हिस्सों में जाएंगी। अभी तक इसके बहुत कम रूट थे। मीटिंग में विशेष सचिव केपी सिंह, प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर, रामसिंह वर्मा एवं बिहार पथ परिवहन निगम के अतुल कुमार, पवन शांडिल्य आदि मौजूद रहे।
