Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ठेले पर सब्जी बेच रहे रिश्तेदार को पकड़ने की पुलिस से वजह पूछनी प्रभातपुरम में रहने वाले व्यापारी को महंगी पड़ गई। आरोप है कि, पुलिसकर्मियों द्वारा गुरुवार रात मोहान रोड चौकी में बंधक बनाकर एक व्यापारी की लाठी और पट्टे से जमकर पिटाई की गई। आरोप है कि, महिला एडिशनल इंस्पेक्टर ने छोड़ने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की थी। शुक्रवार दोपहर में जब व्यापारी सड़क पर उतरे और बुद्धेश्वर चौराहे के पास जाम लगाया तो अफसरों ने मामले की जानकारी ली। व्यापारी अतिरिक्त निरीक्षक और दो अन्य पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे।
चौकी में कारोबारी की बेरहमी से पिटाई (प्रतीकात्मक तस्वीर)
हंगामे-प्रदर्शन की जानकारी पर शुक्रवार की शाम को एडीसीपी दक्षिणी मनीषा सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मामले की जांच के निर्देश दिए, तब व्यापारियों ने जाम और प्रदर्शन खत्म किया। साथ ही पीड़ित को मेडिकल के लिए बलरामपुर अस्पताल भेजा गया।
