Lucknow Investors Summit: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले सड़कें चकाचक होंगी। जिन सड़कों पर मामूली गिट्टी और बजरी उखड़ी है, उन्हें भी नए सिरे से बनाया जाएगा। वृंदावन और अवध विहार इलाके की सड़कें सबसे ज्यादा चिकनी होंगी। आवास विकास परिषद, लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) और लखनऊ नगर निगम ने इन सड़कों को बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर की सड़कों को चमकाने की तैयारियां तेजी से शुरू कर दी गई हैं। सभी जिम्मेदार विभागों ने इसके लिए टेंडर कराना शुरू कर दिया है।
एलडीए उपाध्यक्ष ने कमेटी के साथ शहीद पथ और अंसल एपीआई सुशांत गोल्फ सिटी का निरीक्षण किया
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने कई सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर जारी भी कर दिया है। इन्वेस्टर्स समिट से पहले सभी सड़कें चकाचक होंगी। इसको लेकर प्रमुख सचिव नगर विकास, विशेष सचिव मुख्यमंत्री समेत अन्य अधिकारियों ने इस संबंध में समीक्षा भी की।
अवध शिल्पग्राम में टेंट सिटी
इसके साथ ही निरीक्षण भी किया है। अफसरों ने समय से पहले सभी कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिए हैं। वृंदावन योजना के सभी सेक्टर की सड़कों को चमकाया जाएगा। आवास विकास परिषद को इन सड़कों को बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए 14 करोड़ की लागत से टेंट सिटी भी बनेगी। टेंट सिटी की भी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। आवास विकास परिषद की अवध विहार योजना में यूपी इन्वेस्टर्स समिट के लिए टेंट सिटी बनाई जाएगी। टेंट सिटी बनाने के लिए 14 करोड़ का शुरुआती बजट आवंटित भी कर दिया गया है। टेंट सिटी में मेहमान रुकेंगे। यह फाइव स्टार होटल जैसा ही बनाया जाएगा। इसमें खाने-पीने के साथ मनोरंजन के भी बेहतरीन इंतजाम किए जाएंगे।
शहीद पथ बनेगा लखनऊ का गेट वे
कुछ सड़कों को जी 20 सम्मेलन और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए भी स्मार्ट बनाया जा रहा है। शहीद पथ लखनऊ का गेट वे बनेगा। इसके लिए एयरपोर्ट से लेकर शहीद पथ को पूरी तरह सजाया जा रहा है। करीब 21 करोड़ रुपये से इसकी सूरत संवारी जाएगी। इसी तरह लाल बत्ती चौराहे से लेकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक के रास्ते को भी काफी बेहतरीन बनाया जा रहा है।
